बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार विनोद शर्मा के निधन पर प्रेस क्लब बंगाणा के सदस्यों ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा प्रेस क्लब परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में जब भी परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, प्रेस क्लब हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर रहेगा।
अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने दिवंगत विनोद शर्मा के पत्रकारिता क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव निष्पक्ष और जनहित की पत्रकारिता की। उनके सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व को भी सभी ने भावुक होकर याद किया।
इस मौके पर प्रेस क्लब बंगाणा के महासचिव जोगिंद्र देव आर्य, राम सिंह और अजय कुमार सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।


