Wednesday, April 15, 2026
HomeRajnitiपेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटीमें कटौती केंद्र सरकार कासराहनीय क़दम, हिमाचल प्रदेश सरकार...

पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटीमें कटौती केंद्र सरकार कासराहनीय क़दम, हिमाचल प्रदेश सरकार भी वैट घटाकर जनता को दे राहत

तलमेहड़ा-रिंकू भारद्वाज

वैश्विक स्तर पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती आम जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। यह बात भारतीय जनता पार्टी चिंतपूर्णी के मीडिया प्रभारी मनोज डोगरा ने कही। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखकर फैसले लेती है।
मनोज डोगरा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये तक की कटौती से आम जनता, किसानों, परिवहन क्षेत्र और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल लोगों की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होगा, बल्कि महंगाई को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां केंद्र सरकार जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठा रही है, वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार अतिरिक्त सेस लगाने की तैयारी कर रही है, जो जनहित के खिलाफ है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि अतिरिक्त कर लगाने के बजाय पेट्रोल-डीजल पर वैट कम किया जाए ताकि प्रदेश की जनता को वास्तविक राहत मिल सके।
मिडिया प्रभारी डोगरा ने कहा कि महंगाई के इस दौर में सरकारों की प्राथमिकता आम आदमी को राहत देना होना चाहिए। परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ते हैं, जिसका सीधा असर हर परिवार पर पड़ता है।
इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में बढ़ाई गई टोल दरों पर भी पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि टोल में वृद्धि से आम लोगों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है, जिसे वर्तमान परिस्थितियों में कम किया जाना चाहिए।
मनोज डोगरा ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई और हिमाचल सरकार की नीतियों से परेशान है और हिमाचल सरकार को चाहिए कि वह जनहित में फैसले लेकर लोगों को राहत प्रदान करे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के इस कदम से प्रेरणा लेकर प्रदेशवासियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular