दौलतपुर चौक,संजीव डोगरा

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, दौलतपुर चौक में शनिवार को आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय के कंप्यूटर साइंस के प्रवक्ता मनोज ठाकुर ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली व्यक्तिगत सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करें, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य गुलशन पठानिया ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरता से सुना और भविष्य में उन्हें अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

