बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

दो दिनों में अवैध कटान के 6 आरोपी गिरफ्तार, डीएफओ सुशील राणा बोले, नहीं बख्शे जाएंगे बन काटुए,
बंगाणा, उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत बंगाणा फॉरेस्ट रेंज में वन विभाग ने अवैध कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वन काटुआ को मौके पर पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस दौरान वन विभाग की टीम ने आरा मशीन सहित 22 खैर के मोछे बरामद किए हैं, जबकि घटनास्थल से 9 खैर के ताजे ठूंड भी मिले हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कटान करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बंगाणा रेंज के रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के एक वन क्षेत्र में अवैध रूप से खैर के पेड़ों की कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फॉरेस्ट गार्ड प्रवीण कुमार, अंकुश तथा हासिफ भट्टी को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति खैर के पेड़ों को काटने में लगा हुआ था। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही वन काटुआ को पकड़ लिया। मौके की तलाशी लेने पर टीम को एक आरा मशीन बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल पेड़ों की कटाई के लिए किया जा रहा था। इसके साथ ही 22 खैर के मोछे भी बरामद किए गए, जो काटकर तैयार किए गए थे। वन विभाग की टीम को मौके से 9 खैर के ताजे ठूंड भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने हाल ही में पेड़ों की कटाई की है। अधिकारियों का मानना है कि कटान करने वाले कुछ मोछे कहीं और छुपाकर रख सकते हैं या फिर अवैध रूप से कटान कर मौके से फरार हो गए होंगे। इस आशंका के मद्देनजर आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने बंगाणा पुलिस को भी मौके पर बुलाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस द्वारा वन विभाग की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है, वन विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों के भीतर अवैध कटान से जुड़े मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग का कहना है कि अवैध कटान के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला ऊना के डीएफओ सुशील राणा ने कहा कि वन विभाग अवैध कटान को रोकने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें दिन-रात सक्रिय हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें सिविल ड्रेस में भी विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं, ताकि अवैध कटान करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा सके। डीएफओ सुशील राणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध कटान करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसे नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें कहीं अवैध कटान की सूचना मिलती है, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार बढ़ रही अवैध कटान की घटनाओं के बीच विभाग की सख्ती से ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह सख्ती से कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र के जंगल सुरक्षित रह सकें और पर्यावरण संतुलन बना रहे।

