Thursday, October 22, 2026
HomeHImachal NewsUnaबल्क ड्रग पार्क पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, गोल्डी कौंडल ने...

बल्क ड्रग पार्क पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, गोल्डी कौंडल ने विकास और नाम पट्टिकाओं को लेकर उठाए सवाल

दैनिक जागो वर्ल्ड !

विकास विरोधी का आरोप लगाने वालों पर भाजपा महामंत्री गोल्डी कौंडल का पलटवार, कहा- सरकारी कॉलेज में दिवंगत सिम्मी अग्निहोत्री की प्रतिमा लगी, ड्रग पार्क में पीएम और पूर्व सीएम के नाम की पट्टिकाएं क्यों नहींहरोली। भाजपा हरोली मंडल के महामंत्री गोल्डी कौंडल ने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी कॉलेज में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की दिवंगत धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है, लेकिन बल्क ड्रग पार्क जैसी महत्वाकांक्षी योजना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम की पट्टिकाएं आज तक क्यों नहीं लगाई गईं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कौंडल ने भाजपा नेता अजय जोशी से माफी मांगने की मांग करने वाले कांग्रेस नेताओं से भी सवाल किया।उन्होंने पूछा कि जब मुकेश अग्निहोत्री के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित अश्लील पोस्ट सोशल मीडिया पर जारी की गई थी, तब क्या संबंधित व्यक्ति ने माफी मांगी थी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि राजनीतिक बयानबाजी में समान मापदंड अपनाए जाने चाहिए।

भाजपा मंडल महामंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क हरोली के लिए एक बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजना है। उनके अनुसार, यह योजना प्रोफेसर राम कुमार के प्रयासों की देन है। उन्होंने कहा कि हरोली में अब तक हुए तमाम विकास कार्यों को एक साथ भी देखा जाए तो बल्क ड्रग पार्क जैसी परियोजना का मुकाबला नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।कौंडल ने आरोप लगाया कि बल्क ड्रग पार्क की योजना को रोकने के लिए तत्कालीन समय में कांग्रेस नेताओं की ओर से अलग-अलग स्तर पर आपत्तियां उठाई जाती रही थीं। उन्होंने कहा कि परियोजना का विरोध किसने किया और इसे रुकवाने के लिए किस स्तर तक प्रयास किए गए, यह क्षेत्र की जनता से छिपा नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि यदि वे विकास कार्यों को लेकर इतने गंभीर हैं तो बल्क ड्रग पार्क से जुड़े कार्यों और इसके लिए पूर्व सरकार के दौरान किए गए प्रयासों पर भी खुलकर चर्चा करें। कौंडल ने कहा कि विकास कार्यों का श्रेय लेने से पहले यह बताना चाहिए कि बड़ी परियोजनाओं के लिए किस सरकार और किन लोगों ने पहल की थी।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को अपने कार्यों और फैसलों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि हरोली के विकास से जुड़े मुद्दों पर भाजपा तथ्यों के साथ अपनी बात जनता के सामने रखती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular