दौलतपुर-संजीव डोगरा

ब्रहमपुर स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में शुक्रवार को सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम द्वारा एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का नेतृत्व एमओ डॉक्टर विजय जरियाल ने किया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान कुल 121 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 100 मरीजों के लैब टेस्ट भी किए गए। जांच के दौरान 20 मरीज हड्डियों से संबंधित रोगों से पीड़ित पाए गए, जबकि 18 मरीज शुगर और 26 मरीज बीपी से ग्रसित पाए गए। इसके अलावा 4 स्त्री रोगी और 53 सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों की भी पहचान की गई। शिविर के दौरान डॉक्टरों की टीम ने सभी मरीजों की विस्तृत जांच करने के बाद उन्हें बेहतर रहन-सहन और संतुलित खानपान अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। इस अवसर पर पंचायत सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इस मोबाइल स्वास्थ्य सेवा शिविर के आयोजन के लिए माननीय सांसद अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों और मरीजों ने भी सांसद अनुराग ठाकुर के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की।

