दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

भद्रकाली में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के पुनः शुभारंभ पर चैतन्य शर्मा ने अनुराग ठाकुर का जताया आभार
भद्रकाली में रविवार को सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय जरियाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में क्षेत्रवासियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। शिविर में कुल 81 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 55 मरीजों के लैब टेस्ट किए गए। जांच के दौरान हड्डियों से संबंधित 07, शुगर के 05, बीपी के 07, स्त्री रोग से संबंधित 03 तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं वाले मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा मरीजों

को उचित खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर चैतन्य शर्मा ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा को पुनः शुरू किए जाने के लिए माननीय सांसद श्री अनुराग ठाकुर जी का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलता है। चैतन्य शर्मा ने कहा कि गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जनसेवा का महत्वपूर्ण कार्य है और सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का पुनः संचालन क्षेत्रवासियों के लिए एक सराहनीय पहल है। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों ने भी सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा को पुनः शुरू करने के लिए सांसद अनुराग ठाकुर जी का धन्यवाद किया और इस पहल की सराहना की।
