दैनिक जागो वर्ल्ड!रामगढ़

जेएलकेएम नेता पानेश्वर महतो का मंगलवार रात रामगढ़ के कैथा चौक से अपहरण कर लिया गया था। रामगढ़ पुलिस ने रातभर छापेमारी कर बुधवार सुबह उन्हें हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया।

जेएलकेएम नेता व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व पार्टी प्रत्याशी पानेश्वर महतो का मंगलवार देर रात रामगढ़ थाना क्षेत्र के कैथा चौक के पास से अपहरण कर लिया गया। सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस ने रातभर छापामारी की और बुधवार सुबह पानेश्वर महतो को हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने इसकी पुष्टि की है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे कैथा-गोबरदरहा चौक के पास पानेश्वर महतो को काले रंग की बोलेरो सवार कुछ लोगों ने खुद को कुजू ओपी पुलिसकर्मी बताते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें नेशनल हाईवे के फोरलेन रास्ते से हजारीबाग की ओर ले जाया गया।पानेश्वर महतो की बरामदगी के बाद रामगढ़ पुलिस हजारीबाग सदर अस्पताल में उनका मेडिकल करा रही है। खुद को कुजू पुलिस बताकर पानेश्वर महतो का अपहरण करने वाले लोग कौन थे और इसके पीछे उनका मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
