ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंवर ने किया अभियान का शुभारंभ
दैनिक जागो वर्ल्ड ! दौलतपुर चौक, (संजीव डोगरा)।

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को सिविल अस्पताल गगरेट में विशेष पोलियो बूथ का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंवर ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक अपने नौनिहालों को पोलियो बूथ पर लेकर पहुंचे और उत्साहपूर्वक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलवाई। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पराशर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को अभियान को पूरी गंभीरता और सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए।

डॉ. पराशर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में 443 विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर एवं दिव्यांगता पैदा करने वाली बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंवर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पराशर, ग्राम पंचायत अप्पर गगरेट की प्रधान नीलम रानी, उपप्रधान आशीष शर्मा, गौरव शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
