दैनिक जागो वर्ल्ड दौलतपुर चौक

दौलतपुर चौक, 19 अगस्त ( संजीव डोगरा ) : राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के विज्ञान विभाग की ओर से विज्ञान पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने भौतिक विज्ञान के दैनिक जीवन में महत्व, रसायन विज्ञान के विभिन्न उपयोग तथा जीव विज्ञान की मानव जीवन में उपयोगिता जैसे विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से बताया कि विज्ञान जीवन के प्रत्येक क्षेत्र से जुड़ा है तथा आधुनिक जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन और समाज की समस्याओं के समाधान से जोड़ना चाहिए। डॉ. मनोज कहोल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नई सोच, नवाचार और अनुसंधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। निर्णायक मंडल में डॉ. रमन कुमार, डॉ. रोहिणी और डॉ. मनीषा शामिल रहे। निर्णायकों ने पोस्टरों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, वैज्ञानिक तथ्यों की स्पष्टता, रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण और विषय की प्रासंगिकता के आधार पर किया। विद्यार्थियों ने अपने विषयों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया तथा निर्णायकों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। प्रतियोगिता का आयोजन एवं समन्वय प्रो. रितिका और प्रो. नैना ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ-साथ रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण कौशल और विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ावा देना रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से प्रतियोगिता सफल रही।
