दौलतपुर- संजीव डोगरा

मुबारिकपुर स्थित श्री दुर्गा शक्ति मंदिर में 37वें वार्षिक विशाल भगवती जागरण का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरी रात भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय माहौल बना रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की पावन ज्योति के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रसिद्ध फूलों वाले बाबा जी का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
जागरण के दौरान भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था और एकता का संदेश दिया, वहीं श्रद्धालुओं ने इसे दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव बताया।

