Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiश्री राम सेवा समिति बंगाणा द्वारा श्री राम नवमी पर भव्य श्री...

श्री राम सेवा समिति बंगाणा द्वारा श्री राम नवमी पर भव्य श्री राम एवं श्री हनुमान झांकी, बंगाणा क्षेत्र में गूंजे जय श्री राम के जयकारे

हटली क्लब पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत,चमुक्खा मंदिर में विशाल भंडारे के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

बंगाणा/विपिन साजन

बंगाणा, उपमंडल बंगाणा की श्री राम सेवा समिति द्वारा लगातार चौथी बार श्री राम नवमी के पावन अवसर पर श्री राम सेवा समिति बंगाणा द्वारा भगवान श्री राम और श्री हनुमान जी की भव्य झांकी निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। झांकी के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और जय श्री राम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत माता जमासनी मंदिर में विधिवत हवन-यज्ञ के साथ हुई। विद्वान आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच हवन संपन्न कराया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। हवन-यज्ञ के पश्चात लाठियानी से भव्य झांकी का शुभारंभ किया गया। झांकी में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और श्री हनुमान जी की सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की धुनों पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे। झांकी लाठियानी से प्रारंभ होकर बंगाणा बाजार से होते हुए श्री राम नाटक क्लब हटली पहुंची, जहां इन दिनों चल रही श्री शिव महापुराण कथा स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने झांकी का भव्य स्वागत किया और भगवान श्री राम एवं श्री हनुमान जी की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
झांकी के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा जलपान और पुष्प वर्षा के माध्यम से स्वागत किया गया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित सभी वर्गों के लोग झांकी में बढ़-चढ़कर शामिल हुए। सेकंडों की संख्या में श्रद्धालु झांकी के साथ चलते हुए भजन-कीर्तन करते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। झांकी का समापन चमुक्खा मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सफलता के लिए समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। मंदिर परिसर में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और भक्ति गीतों का कार्यक्रम चलता रहा। इस अवसर पर श्री राम सेवा समिति के सदस्य अजय ठाकुर ने कहा कि पौराणिक सनातन परंपराओं को जीवित रखने के लिए श्री राम सेवा समिति लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है, जिससे समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ती है। वहीं समिति से जुड़े प्रशांत शर्मा ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें श्री राम सेवा समिति के माध्यम से अपनी हिंदू धर्म संस्कृति के प्रचार-प्रसार का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज में धार्मिक भावना को मजबूत करना और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री राम सेवा समिति के सभी सदस्यों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। समिति द्वारा किए गए इस भव्य आयोजन की क्षेत्र भर में सराहना की जा रही है और श्रद्धालुओं ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के आयोजन की उम्मीद जताई। बही समिति के सदस्य मास्टर रमेश शर्मा ने सभी का आभार प्रकट किया। बही क्लब के सदस्यों में संजय सोनी ओम प्रकाश सोनी विवेक शील शर्मा सुरेन्द्र राणा सहित सभी ने भगवान श्री राम जी और वीर हनुमान जी की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular