Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiसरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज चौरासी में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज चौरासी में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

बागेश्वर-गोविन्द रावत

सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज चौरासी, बागेश्वर में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पीएमजीएसवाई राज्य अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या तथा नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और नाटकों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शिव सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और चरित्र निर्माण की पाठशाला भी है, जहां से राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विधायक पार्वती दास ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए, जिससे वे समाज और देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, गिरीश परिहार, प्रधानाचार्य रमेश असवाल, विद्यालय समिति के अध्यक्ष इन्द्र सिंह फर्स्वाण, प्रबंधक विजया वर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य रणजीत सिंह भंडारी, प्रबंधन समिति सदस्य दीपक जोशी सहित अनेक अभिभावक एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular