दैनिक जागो वर्ल्ड !हरोली

उपमुख्यमंत्री बोले…सैनिकों का सम्मान और कल्याण हमारी प्राथमिकता, इस दिशा में उठाए जा रहे ठोस कदम
हरोली (ऊना), 28 सितंबर. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान तथा कल्याण के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। सिविल जीवन में भी पूर्व सैनिकों को सम्मान और सुविधाएं मिलें, इसी उद्देश्य से हरोली के रामपुर पुल के समीप विकसित की जा रही न्यू हरोली की परिकल्पना में पूर्व सैनिक भवन बनाया जाएगा। भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और एक करोड़ रुपये से अधिक की पहली किश्त लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी गई है। इसका निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को हरोली जल भवन में पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में जिला ऊना यूनिट की इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग के पदाधिकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी और पूर्व सैनिक शामिल रहे।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व सैनिक भवन में बैठकें, कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। इससे पूर्व सैनिकों को अपने कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनके योगदान का सम्मान सिविल जीवन में भी होना चाहिए।उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान की इसी भावना के तहत घालुवाल में भारतीय सेना का टैंक स्थापित किया गया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी देश की रक्षा में सैनिकों के योगदान को याद रख सकें। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों से जुड़े विषयों को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए। सैनिकों ने देश की सेवा की है और उनके सम्मान तथा कल्याण के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को न्यू हरोली की परिकल्पना के तहत विकास पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां हेलीपोर्ट, सिंथेटिक ट्रैक, इनडोर स्टेडियम, एटीएस, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय, अनुसूचित जाति आयोग का कार्यालय, जिला कोर्ट तथा उद्योग विभाग के कार्यालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थान और सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं से हरोली में एक महत्वपूर्ण संस्थागत और सुविधायुक्त क्षेत्र विकसित होगा।इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग ऊना के प्रधान कैप्टन शक्ति चंद्र ने पूर्व सैनिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने तथा निर्माण के लिए धनराशि मंजूर करने पर उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, लेफ्टिनेंट इंडियन नेवी एसपी शर्मा, सूबेदार दिलवाग सिंह, महेंद्र सिंह, सरवण सिंह और जगतार सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

डीसी जतिन लाल ने की एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामलों की समीक्षापीड़ितों को समयबद्ध न्याय और राहत दिलाने पर जोरऊना, 28 सितंबर. उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने सोमवार को जिला सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पीड़ितों को समयबद्ध न्याय, राहत और विधिक संरक्षण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि जातीय भेदभाव की रोकथाम तथा पीड़ितों के अधिकारों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दर्ज मामलों की जांच में तेजी लाने और न्यायालय में लंबित मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि इनके निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।बैठक में जानकारी दी गई कि 31 अगस्त, 2026 तक जिला ऊना में अधिनियम के तहत कुल 76 मामले दर्ज हैं। इनमें 11 मामले पुलिस जांच के स्तर पर हैं, जबकि 60 मामले न्यायालय में लंबित हैं। दो मामलों में अधिनियम की धाराएं खारिज की गई हैं तथा तीन मामलों का निर्णय हो चुका है।उपायुक्त ने बताया कि अधिनियम के तहत पात्र पीड़ितों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार एक लाख रुपये से लेकर 8 लाख 25 हजार रुपये तक की राहत राशि प्रदान करने का प्रावधान है। यह राशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चरणबद्ध तरीके से प्रदान की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र पीड़ितों को राहत राशि समय पर उपलब्ध करवाने के लिए मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।बैठक में जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित, तहसील कल्याण अधिकारी जतिंदर कुमार, डीएसपी ऊना हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
