ऊना-शिवानी ठाकुर

हिमाचल प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर हड़ताल का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों के अनुसार 5 से 11 अप्रैल तक छह दिनों के लिए सभी कर्मचारी मुख्यालय शिमला में दिन-रात धरने पर बैठेंगे। इस संबंध में 108 व 102 एंबुलेंस कर्मचारी स्याल ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से प्रबंधन को लिखित सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि नोटिस के माध्यम से मेडस्वान फाउंडेशन और जीवीके ई एम आर आई के प्रबंधन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दे
उठाए गए हैं,
जिनमें सेवा की निरंतरता और वरिष्ठता से जुड़े मामले प्रमुख हैं। शशि स्याल ने आरोप लगाया कि यूनियन की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो कर्मचारी सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हड़ताल की स्थिति में प्रदेश की 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, इस पूरे मामले पर प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजरें प्रशासन और प्रबंधन पर टिकी हैं कि वे इस मुद्दे का समाधान कैसे निकालते हैं, ताकि आम जनता को परेशानी से बचाया जा सके।

