ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

भाजपा युवा मोर्चा के दोनों मंडलों की बैठक गगरेट अध्यक्ष अंकुश जसवाल और दौलतपुर अध्यक्ष सुमित सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे और युवाओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
चैतन्य शर्मा ने बताया कि देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा धर्मशाला में युवा चेंज मेकर प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर देश के पहले सांसद हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विजन को जमीनी स्तर पर उतारने का सार्थक प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए नई सोच, नई दिशा और सशक्त शुरुआत का प्रतीक है, जो भारत के भविष्य को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राजनीति और सार्वजनिक जीवन में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाना है, ताकि देश को ऊर्जावान नेतृत्व मिल सके। बैठक में जानकारी दी गई कि इस कार्यक्रम के तहत चयनित युवाओं को एक वर्ष के लिए 1,21,000 रुपये की इंटर्नशिप फेलोशिप प्रदान की जाएगी। इसके लिए 16 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवा आवेदन कर सकते हैं। भाजयुमो नेताओं ने क्षेत्र के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर दोनों मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

