Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaभंजाल में केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में बड़ी पहल, केंद्रीय टीम...

भंजाल में केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में बड़ी पहल, केंद्रीय टीम व तहसीलदार ने किया परिसर का निरीक्षण

ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

दौलतपुर चौक, 4 फरवरी (संजीव डोगरा)
भंजाल में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय विद्यालय संगठन की टीम ने तहसीलदार के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजाल का दौरा किया, जहां अस्थाई रूप से केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं शुरू की जानी प्रस्तावित हैं।
निरीक्षण दल में केंद्रीय विद्यालय के उपायुक्त वरुण मित्तल, प्रधानाचार्य गिरीश कुमार, तहसीलदार कुलताज सिंह, कानूनगो सतपाल सिंह तथा विकासखंड गगरेट से कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार शामिल रहे। इस अवसर पर स्थानीय पाठशाला भंजाल के कार्यकारी प्रधानाचार्य राजन शर्मा, अधीक्षक दिनेश कुमार, मुकेश कुमार, विनोद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान भंजाल स्कूल परिसर में अस्थाई रूप से बनाए जा रहे शौचालय, चारदीवारी तथा अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया गया। बताया गया कि लगभग दस लाख रुपये की स्वीकृत राशि से शौचालय और चारदीवारी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र से केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं इसी परिसर में प्रारंभ की जा सकें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्रीय विद्यालय का अपना भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक इसकी कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजाल के प्रांगण में ही संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही दोनों विद्यालयों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए परिसर की चारदीवारी और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
केंद्रीय विद्यालय के उपायुक्त वरुण मित्तल ने बताया कि यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो इसी सत्र से केंद्रीय विद्यालय में पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।
उधर, क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया ने भी संबंधित विभागों को केंद्रीय विद्यालय से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विधायक राकेश कालिया ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से सैनिक परिवारों के बच्चों सहित क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिलेगी।
वहीं जिला उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने भी केंद्रीय विद्यालय को जल्द शुरू करने के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
भंजाल स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य राजन शर्मा ने बताया कि कई वर्ष पूर्व ही भंजाल पाठशाला में अस्थाई रूप से केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं चलाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया था। अब शौचालय लगभग तैयार हैं और चारदीवारी भी केंद्रीय विद्यालय की ओर से लगाई जा चुकी है, जिससे दोनों शिक्षण संस्थानों का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा।
खंड विकास अधिकारी गगरेट ने बताया कि शौचालय निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular