Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaविकसित हिमाचल की नींव मजबूत युवा नेतृत्व से ही बनेगी:

विकसित हिमाचल की नींव मजबूत युवा नेतृत्व से ही बनेगी:

ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

अनुराग सिंह ठाकुर की पहल ‘Yuva ChangeMakers’ युवाओं को दे रही नई दिशा –अजय ठाकुर

चयनित युवाओं को मिलेगी ₹1,21,000 की फेलोशिप, बंगाणा में आयोजित हुआ पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान

तलमेहडा खड़ोह रिंकू भारद्वाज

विकसित और आत्मनिर्भर हिमाचल प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से युवा नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की महत्वाकांक्षी पहल Yuva ChangeMakers लगातार युवाओं को प्रेरित कर रही है। इसी कड़ी में बंगाणा क्षेत्र में Yuva Change Maker कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बड़ी संख्या में अपना पंजीकरण करवाया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सहभागिता, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने युवाओं को बताया कि Yuva ChangeMakers केवल एक फेलोशिप कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए तैयार करने का एक सशक्त मंच है। इस पहल के अंतर्गत चयनित युवाओं को ₹1,21,000 की फेलोशिप प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक नवाचार, जनसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को Yuva Change Maker पहल की विस्तृत रूपरेखा, चयन प्रक्रिया, कार्यक्षेत्र और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि इस पहल के माध्यम से युवा स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सशक्तिकरण, सामाजिक सुधार एवं नेतृत्व विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही उन्हें समाज की समस्याओं को समझने और उनके व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय ठाकुर, भाजपा पूर्व मंडल महामंत्री रमेश शर्मा तथा My Bharat से अक्षय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय ठाकुर ने कहा कि “आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे समाज और राष्ट्र की तस्वीर बदल सकते हैं। Yuva Change Maker जैसे कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्व के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जब युवा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करते हैं, तभी सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव हो पाता है।
भाजपा पूर्व मंडल महामंत्री रमेश शर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज की जमीनी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि “आज के समय में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है। Yuva Change Maker जैसे कार्यक्रम युवाओं को न केवल जागरूक बनाते हैं, बल्कि उन्हें नेतृत्व के गुणों से भी संपन्न करते हैं।”
वहीं My Bharat से आए अक्षय शर्मा ने कार्यक्रम की कार्ययोजना, प्रशिक्षण प्रक्रिया और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में इस पहल से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मंच युवाओं को अपने विचारों और क्षमताओं को धरातल पर उतारने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने सामाजिक सेवा, स्वयंसेवी कार्य, राष्ट्रहित, नेतृत्व विकास और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर गहरी रुचि दिखाई। कई युवाओं ने भविष्य में सक्रिय रूप से सामाजिक कार्यों में भाग लेने और Yuva Change Maker के माध्यम से अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की इच्छा भी व्यक्त की।
आयोजकों ने जानकारी दी कि आने वाले समय में बंगाणा सहित अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जा सके और प्रदेश में युवा नेतृत्व की मजबूत नींव रखी जा सके।
कार्यक्रम का समापन युवाओं द्वारा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की शपथ और समाज के प्रति सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ किया गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular