ऊना ब्यूरो रिपोर्ट,

बंगाणा में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक निजी कंपनी द्वारा सुरक्षा कर्मी एवं सुपरवाइजर पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। यह साक्षात्कार रोजगार उप-कार्यालय बंगाणा के माध्यम से आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में कुल 70 पद निर्धारित किए गए थे। आयोजित कैंपस इंटरव्यू में कुल 35 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें 30 पुरुष एवं 5 महिलाएं शामिल रहीं। साक्षात्कार के उपरांत कुल 25 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिससे क्षेत्र के युवाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला।
रोजगार उप-कार्यालय बंगाणा के अधिकारी संदीप पटियाल ने बताया कि इस प्रकार के भर्ती आयोजनों से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के साक्षात्कार आयोजित कर युवाओं को अधिक से अधिक अवसर दिए जाएंगे।
भर्ती कर रही निजी कंपनी के प्रतिनिधि अजय शर्मा ने कहा कि बंगाणा क्षेत्र के युवाओं में अनुशासन और कार्य के प्रति गंभीरता देखने को मिली है। कंपनी चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्थायी रोजगार से जोड़ेगी।
चयनित युवाओं की ओर से अमित कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह के कैंपस इंटरव्यू ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के लिए बहुत लाभदायक हैं, जिससे उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वहीं चयनित शशी पाल ने कहा कि सुरक्षा क्षेत्र में अवसर मिलना एक सकारात्मक पहल है और इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
इस भर्ती आयोजन से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और युवाओं को अपने भविष्य के प्रति नई उम्मीद मिली है।

