दैनिक जागो वर्ल्ड !अमृतसर

अमृतसर के अजनाला में जीआरपी एएसआई को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। सीन रिक्रिएट करते समय आरोपी ने पुलिस राइफल छीनने की कोशिश की थी। अमृतसर अजनाला इलाके में जीआरपी पुलिस के ASI को गोली मारकर घायल करने वाले आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई हे। पुलिस टीम जब गिरफ्तार मुख्य आरोपी बलजीत सिंह को घटना का दृश्य री-क्रिएट करने के लिए वारदात वाली जगह लेकर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर हमला करने की कोशिश की।

इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लग गई और वह घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, अजनाला क्षेत्र में जीआरपी के ASI सुखचैन सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक मुख्य आरोपी को सोमवार दोपहर भारी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर लाया गया था, ताकि वारदात का दृश्य दोहराया जा सके। आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार वारदात वाली जगह पहुंचते ही आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सरकारी राइफल छीन ली और उसी पर गोली चलाने का प्रयास किया। ये देख अन्य पुलिसकर्मी मुस्तैद हो गए। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी की टांग में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर काबू पाते हुए आरोपी से हथियार वापस ले लिया। इसके बाद उसे तुरंत पुलिस गाड़ी में डालकर अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। आरोपी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
