दैनिक जागो वर्ल्ड !दौलतपुर

राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक की अनामिका और काजल चौधरी ने अंतर-महाविद्यालय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में जीते स्वर्ण पदक
दौलतपुर चौक, 12 अक्टूबर ( संजीव डोगरा ) अंतर-महाविद्यालय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक की छात्राओं अनामिका और काजल चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक राजकीय महाविद्यालय नादौन में आयोजित की गई।

महाविद्यालय की बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अनामिका ने 77 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अनामिका ने स्नैच स्पर्धा में 58 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में 75 किलोग्राम भार उठाया। इस प्रकार उन्होंने कुल 133 किलोग्राम भार उठाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं, बी.एड. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा काजल चौधरी ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। काजल ने स्नैच स्पर्धा में 80 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में 100 किलोग्राम भार उठाकर कुल 180 किलोग्राम भार उठाने की उपलब्धि हासिल की।

दोनों छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों में भी विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर अजय कुमार शर्मा और फिजिकल एजुकेशन के प्रोफेसर डॉक्टर सुनील रायत सहित समस्त स्टाफ ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय ने विश्वास व्यक्त किया कि ये छात्राएं भविष्य में भी अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के बल पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगी और संस्थान का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
