तलमेहडा खड़ोह रिंकू भारद्वाज

गांव पट्टीकल्याणा स्थित माधव जन सेवा केंद्र में एमेच्योर फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित छठा फेडरेशन कप एवं तीसरी सीनियर मिक्स फेडरेशन रांक बॉल नेशनल चैंपियनशिप का सफल एवं गरिमामय समापन हो गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जहां खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया।
समापन मुकाबलों में पुरुष वर्ग में हिमाचल प्रदेश की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में अपना वर्चस्व स्थापित किया। फाइनल मुकाबले में हिमाचल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, सटीक रणनीति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस रोमांचक मुकाबले में पंजाब की टीम उपविजेता रही, जबकि गुजरात ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव राजीव कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास को बढ़ावा देते हैं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और नैतिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाकर अनुशासित एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया।
हिमाचल प्रदेश की इस ऐतिहासिक जीत पर एमेच्योर फेडरेशन के प्रेजिडेंट राघव राणा, जनरल सेक्रेटरी जसवीर सिंह तथा कोच मोहित कुमार शर्मा (बंटी) ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है और यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अब हिमाचल प्रदेश की टीम एशियाई स्तर की प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेगी, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
समापन समारोह के दौरान विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, रेफरी तथा खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

