अम्ब /स्पर्श शर्मा

शुक्रवार को सिविल अस्पताल अम्ब में एक दिवसीय क्षय रोग (टीबी) जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप-मंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी (एसडीएएमओ) भंजाल राजेश द्वारा किया गया।
यह शिविर टीआईएफए कार्यक्रम के अंतर्गत जेएचपीआईईजीओ संस्था द्वारा आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य खांसी निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करना रहा। शिविर में जिला क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों (एएमओ) को क्षय रोग की समय पर पहचान, जांच प्रक्रिया तथा रोगियों को उचित एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध करवाने से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को क्षय रोग से संबंधित रोगियों का डेटा ‘टीबी मुक्त हिमाचल’ मोबाइल ऐप पर दर्ज करने, दवा एवं सिरप वितरण की सही प्रक्रिया अपनाने तथा संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही खाली पेट सैंपल जांच, सैंपल संग्रहण की प्रक्रिया एवं उससे जुड़ी आवश्यक सावधानियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जेएचपीआईईजीओ संस्था के परामर्शदाता विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं जिला क्षय रोग कार्यक्रम के विशेषज्ञों द्वारा भी स्वास्थ्य कर्मियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में ड्रग इंस्पेक्टर रजत शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी अम्ब राहुल करना, खंड चिकित्सा अधिकारी गगरेट, डॉ. पंकज प्रशार सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

