Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaराजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिरथीपुर में नशा मुक्ति व सड़क सुरक्षा जागरूकता...

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिरथीपुर में नशा मुक्ति व सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ऊना ,ब्यूरो रिपोर्ट

दौलतपुर चौक, 7 फरवरी (संजीव डोगरा) : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिरथीपुर में विद्यार्थियों को समाज की गंभीर चुनौतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष नशा मुक्ति एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य निशा संदल द्वारा मुख्य अतिथि दौलतपुर चौक पुलिस चौकी प्रभारी रवि पाल शर्मा के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ किया गया। कार्यक्रम में एंटी नार्कोटिक्स सब-इंस्पेक्टर रवि पाल शर्मा ने विद्यार्थियों को नशा रोकथाम, ड्रग एब्यूज, ट्रैफिक नियमों, साइबर अपराध तथा करियर काउंसलिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि नशा, शराब और चिट्टा आज युवा वर्ग को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं। कुछ पलों की झूठी खुशी जीवन को बर्बाद कर देती है, जिससे परिवार टूट रहे हैं और समाज पर इसका गहरा दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। यदि कहीं भी चिट्ठा से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा, ताकि युवा निर्भीक होकर एक सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
ट्रैफिक नियमों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग पर जोर दिया। सड़क पार करते समय सावधानी और यातायात नियमों के पालन से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। साइबर अपराध के संदर्भ में उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेम्स के अत्यधिक उपयोग से बच्चे मानसिक तनाव का शिकार हो रहे हैं तथा साइबर ठगी का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के संतुलित और सुरक्षित उपयोग की सलाह दी। इस दौरान जन मानस को नशे से दूर रहने के लिए जागरूकता रैली का आयोजन किया गया तथा एन एस एस के वॉलिंटियर्स ने विद्यालय प्रांगण की सफाई भी की | कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य निशा संदल द्वारा एंटी नार्कोटिक्स सब-इंस्पेक्टर रविपाल शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य मैडम निशा संदल ने भी विद्यार्थियों को ड्रग एब्यूज से दूर रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular