Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaगर्व की सुनहरी चमक: जखेड़ा की बेटी अभया शर्मा ने राष्ट्रीय हैंडबॉल...

गर्व की सुनहरी चमक: जखेड़ा की बेटी अभया शर्मा ने राष्ट्रीय हैंडबॉल में दिलाया हिमाचल को स्वर्ण पदक

लठियानी विनोद शर्मा

घुमारवीं (बिलासपुर), हिमाचल प्रदेश में एक फरवरी से पांच फरवरी 2026 तक आयोजित 69वीं अंडर-19 छात्राओं की स्कूली राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखेड़ा की होनहार छात्रा अभया शर्मा ने हैंडबॉल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए असाधारण प्रदर्शन किया और अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया।
चीते जैसी फुर्ती, अदम्य ऊर्जा और जबरदस्त खेल कौशल की धनी अभया शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में विरोधी टीमों के लिए कड़ी चुनौती पेश की। फाइनल मुकाबला हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के मध्य बहुत ही संघर्षपूर्ण मैच खेला गया जिसमें हिमाचल प्रदेश ने राजस्थान को 31– 20 से पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया।उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना ने ना केवल मैच का रुख बदला, बल्कि हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया। इस शानदार उपलब्धि से उन्होंने अपने विद्यालय, गांव जखेड़ा और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुलेन्दर नाथ ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में अभया शर्मा का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए जिस समर्पण और खेल भावना का परिचय दिया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
हिमाचल प्रदेश को स्वर्ण पदक जीत हासिल करवाने के बाद अभया शर्मा अपने गांव जखेड़ा पहुंची, तो गांव में दीवाली उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर भव्य स्वागत किया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया, वहीं युवाओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी और गर्व का इज़हार किया। क्षेत्र में खुशी, उत्साह और सम्मान की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि भविष्य में अभया शर्मा सहित अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर खेल प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने गांव, विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
इस सफलता के लिए लेखक विनोद शर्मा तथा हैंडबॉल प्रशिक्षक भीष्म पाल (Lecturer, Physical Education) का विशेष मार्गदर्शन और अथक परिश्रम रहा।

प्रशिक्षक भीष्म पाल ने कहा कि “अभया की यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। यदि ऐसे खिलाड़ियों को सही दिशा और अवसर मिलें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।”
उन्होंने बताया कि अभया शर्मा ने यह मुकाम लगातार अभ्यास, आत्मविश्वास और संघर्ष के बल पर प्राप्त किया है। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी यदि ठान लें, तो किसी भी मंच पर परचम लहरा सकती हैं।

इस अवसर पर अभया शर्मा ने अपने सहपाठियों और युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाकर कड़ी मेहनत की जाए, तो सफलता निश्चित है। युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर खेल और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए।”
ग्रामवासियों, विद्यालय परिवार और माता पिता, भाई एवं क्षेत्रवासियों ने अभया शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अभया शर्मा आज ना केवल जखेड़ा गांव की शान हैं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की प्रेरणादायक पहचान बन चुकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular