तलमेहडा खड़ोह रिंकू भारद्वाज

उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलमेहड़ा में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कबड्डी, वॉलीबॉल, रेसलिंग सहित अन्य विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर उन सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने ब्लॉक, जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार खेलकूद प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और विद्यालय, क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करें। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक रहने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की भी अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी फाइनल परीक्षाओं के लिए भी प्रेरित करते हुए कहा कि खेल और शिक्षा दोनों में संतुलन बनाकर कड़ी मेहनत करें ताकि जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें। प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके कोच रजनीश ठाकुर तथा विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों को भी बधाई दी, जिन्होंने समय-समय पर विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया और सहयोग प्रदान किया।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार के अतिरिक्त प्रवक्ता सुनील संधू, सुरेन्द्र शर्मा, राजीव शर्मा, मदन लाल, मोहन लाल, राज कुमार, राकेश कुमार, पंकज कुमारी, ज्योति डोगरा, कांता देवी, रजनी देवी, रजनी कांता, ज्योति, तेजा ठाकुर, पलवी सहित अन्य स्कूल स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यालय में खेल गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।
समारोह के अंत में खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

