Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaमहाशिवरात्रि पर वनौड़े महादेव मंदिर में विधायक विवेक शर्मा ने परिवार सहित...

महाशिवरात्रि पर वनौड़े महादेव मंदिर में विधायक विवेक शर्मा ने परिवार सहित की पूजा-अर्चना, मंदिर में चल रहे कीर्तन दरबार में भी लगाई हाजिरी,

अम्ब स्पर्श शर्मा

बंगाणा, महाशिवरात्रि के पावन एवं महान पर्व पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मृदु शर्मा एवं परिवार सहित क्षेत्र के प्रसिद्ध वनौड़े महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान शिव से कुटलैहड़ क्षेत्र की समस्त जनता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ती रही और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विधायक विवेक शर्मा ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर विशेष रुद्राभिषेक में भाग लिया। उन्होंने बेलपत्र, पुष्प और दूध अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर कमेटी द्वारा विधायक दंपति को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से धार्मिक आयोजनों को नई ऊर्जा मिलती है और समाज में एकता का संदेश जाता है। पूजा अर्चना के पश्चात विधायक विवेक शर्मा ने शिव भजन एवं मंगल कीर्तन में भी हाजिरी लगाई। भजन-कीर्तन के दौरान पूरा मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव के भजनों का गायन कर आध्यात्मिक वातावरण को और भी दिव्य बना दिया।
इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित श्रद्धालुओं को महा शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आत्मशुद्धि, संयम और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि भोलेनाथ की कृपा से कुटलैहड़ क्षेत्र निरंतर प्रगति करे और प्रत्येक परिवार सुख-समृद्धि से परिपूर्ण रहे। जय भोलेनाथ जी की के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। महाशिवरात्रि पर वनौड़े महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular