तलमेहडा खड़ोह रिंकू भारद्वाज

अम्ब की ग्राम पंचायत धंदडी के क्षेत्र में इन दिनों किसान गेहूं की फसल की सिंचाई में व्यस्त हैं। रबी सीजन की इस प्रमुख फसल के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। खेतों में हरियाली लहलहा रही है और किसान फसल की बेहतर पैदावार के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत धंदडी की किसान प्रमिला देवी भी अपने खेतों में गेहूं को पानी लगाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस समय गेहूं की फसल में बालियों के विकास का दौर शुरू हो जाता है। इस अवस्था में फसल को पर्याप्त नमी और संतुलित खाद की आवश्यकता होती है। यदि इस समय सिंचाई सही ढंग से न की जाए तो दाने पतले रह सकते हैं और उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है।
प्रमिला देवी का कहना है कि गेहूं की गुणवत्ता और पैदावार बनाए रखने के लिए समय पर पानी देना बेहद जरूरी है। दिन में तेज धूप और रात में ठंड के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो जाती है, इसलिए सिंचाई का विशेष ध्यान रखना पड़ता है।
हालांकि जिन किसानों के पास अपने निजी पानी के साधन जैसे बोरवेल या ट्यूबवेल नहीं हैं, उन्हें वर्षा पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है। ऐसे किसान मौसम की अनिश्चितता को लेकर चिंतित हैं। यदि समय पर बारिश न हो तो फसल की बढ़वार प्रभावित हो सकती है।
क्षेत्र के किसानों का मानना है कि यदि सरकार की ओर से सिंचाई सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाए तो खेती को और मजबूती मिल सकती है। फिलहाल किसान मेहनत और उम्मीद के सहारे बेहतर फसल की आस लगाए हुए हैं।
