होशियारपुर-हर्षदीप सिंह

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) एवं समस्त होशियारपुर निवासियों के सामूहिक सहयोग से आगामी अप्रैल माह में आयोजित होने जा रही सात दिवसीय भव्य ‘श्रीमद् भागवत कथामृत’ के मंगलमय निमंत्रण की कड़ी में आज एक विशेष भेंट की गई। संस्थान के प्रतिनिधियों द्वारा भारत सरकार के माननीय केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल जी को इस आध्यात्मिक महोत्सव का विधिवत निमंत्रण पत्र भेंट कर आमंत्रित किया गया।
इस विशेष भेंट के दौरान संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी गिरधरानंद जी एवं स्वामी सज्जनानंद जी ने माननीय मंत्री जी को आयोजन की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया। श्री अर्जुन राम मेघवाल जी ने संस्थान द्वारा समाज में आध्यात्मिक चेतना, नारी सशक्तिकरण और नैतिक मूल्यों के पुनरुत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने होशियारपुर की पावन धरा पर होने वाले इस भव्य भक्ति आयोजन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कथा व्यास की ओजस्वी वाणी से बरसेगा ज्ञान
दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या, साध्वी सुश्री वैष्णवी भारती जी अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी में इस सात दिवसीय अमृतमयी कथा का वाचन करेंगी। कथा के माध्यम से वे भगवान श्री कृष्ण की पावन लीलाओं के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को उजागर करते हुए ‘ब्रह्मज्ञान’ द्वारा मानवता के कल्याण और आत्मिक शांति का संदेश जन-जन तक पहुँचाएँगी।
आयोजन का विवरण:
यह भव्य आध्यात्मिक समागम 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक होशियारपुर के रोशन ग्राउंड, मॉडल टाउन में आयोजित किया जा रहा है। जिसका समय: प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक का रहेगा।
कलश यात्रा: कथा के शुभारंभ से पूर्व 10 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे एक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस आध्यात्मिक अमृत वर्षा का लाभ उठाने के लिए क्षेत्र के समस्त गणमान्य व्यक्तियों और धर्मप्रेमियों को सपरिवार आमंत्रित किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल व्यक्तिगत शांति प्रदान करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और आपसी भाईचारे की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

