भीमताल-गोविन्द रावत

भीमताल विधानसभा के धारी ब्लॉक अंतर्गत कसियालेख से चौखुटा–पोखराड–धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारम्भ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। यह कार्य लगभग 5 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। यह मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे तथा मुख्यमंत्री से धनराशि स्वीकृत कराने का अनुरोध किया था। धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब डामरीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। केबिनेट मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क का कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार धारी ब्लॉक के सुन्दरखाल, लेटीबुगा, सुनकिया, बूढ़ीबना, लोद और गल्ला आदि गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

