दौलतपुर-संजीव डोगरा

डीएवी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दौलतपुर चौक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिससे पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एकाग्रचित होकर विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नए सत्र में अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की कुंजी है और निरंतर प्रयास से ही लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर स्कूल कमेटी के अध्यक्ष धर्मवीर कंवर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में माँ सरस्वती से सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफलता की कामना की गई।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक बना रहा।


