Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiमंदली घाट हादसा: गोविंद सागर झील में डूबा तरनतारन का 24 वर्षीय...

मंदली घाट हादसा: गोविंद सागर झील में डूबा तरनतारन का 24 वर्षीय युवक, शव की तलाश जारी

लठियानी-जितेन्द्र शर्मा

शाहतलाई मार्ग पर स्थित मंदली घाट के पास गोविंद सागर झील में डूबने से पंजाब के तरनतारन जिले के 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक का शव झील से बरामद नहीं हो पाया था। पुलिस व प्रशासन की ओर से शव की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक शाहतलाई की ओर जा रहा था। इस दौरान वह मंदली घाट के पास गोविंद सागर झील के किनारे हाथ-पैर धोने के लिए नीचे उतरा। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह झील के किनारे पहुंचा, अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक झील के पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में समा चुका था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने झील में डूबे युवक के शव की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक पंजाब के तरनतारन जिले का निवासी था और किसी कार्य से इस क्षेत्र में आया हुआ था।
प्रशासन द्वारा युवक के शव की तलाश के लिए आज सुबह नंगल से गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से झील में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द शव को बाहर निकाला जा सके।
डीएसपी ऊना ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदली घाट क्षेत्र में युवक के झील में डूबने की सूचना मिली है। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और गोताखोरों की सहायता से युवक के शव की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे पर गहरा दुख जता रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular