बंगाणा- जोगिंद्र देव आर्य

पूर्वा अर्धसैनिक कल्याण संगठन ऊना की त्रैमासिक बैठक रविवार को संगठन कार्यालय दियाड़ा में अध्यक्ष जोगिंदर लाल बिंद्रा की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। बैठक में करीब 30 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कश्मीर में साहसिक अभियान के दौरान पांच उग्रवादियों को मार गिराने वाले सेवानिवृत्त निरीक्षक मनोहर लाल (गांव धुसाड़ा, जिला ऊना) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी बहादुरी के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री से सम्मानित किया जा चुका है। संगठन की ओर से उन्हें गुलदस्ता व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सदस्यों ने जिला ऊना में अर्धसैनिक जिला कल्याण बोर्ड के गठन के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, सुदर्शन सिंह ववलू तथा उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष (सेवानिवृत्त डीआईजी) वी.के. शर्मा, नंद लाल नेहटू, वीर सिंह वर्मा एवं कोर कमेटी के प्रयासों की सराहना की गई।
संगठन ने केंद्र सरकार से जिला ऊना में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर खोलने की मांग जोरदार तरीके से उठाई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों व पेंशनरों को उपचार के लिए चंडीगढ़ या जालंधर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है। ऐसे में ऊना में वेलनेस सेंटर की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय कमेटी के चुनाव मई के दूसरे सप्ताह में झलेड़ा में आयोजित किए जाएंगे। चुनाव की तिथि पंचायत चुनावों की तिथि के अनुसार तय की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कर्मचारियों की विभिन्न व्यक्तिगत समस्याओं पर भी विचार किया गया। जिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया, उनके लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शिव मोहन सिंह, सरवन सिंह, सुख-चैन सिंह, मनोहर लाल, अनिल कुमार, जय मोहन सिंह अंबोटा, विनोद कुमार, रिपो मिश्रा एवं सुरजीत सिंह अंदौरा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।


