Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiमुख्यमंत्री की ऊना ज़िले को 260 करोड़ की सौगात*

मुख्यमंत्री की ऊना ज़िले को 260 करोड़ की सौगात*

ऊना/हरौली-शिवानी ठाकुर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज शनिवार को हरोली उपमंडल के पोलियां बीत में निर्माणाधीन राष्ट्रीय महत्व की बल्क ड्रग पार्क परियोजना के अंतर्गत 250 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले साइट विकास एवं आधारभूत संरचना कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने पंजुआना में 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले कामकाजी महिला छात्रावास की आधारशिला भी रखी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है । उन्होंने अधिकारियों को इसके कार्यों की गति को और तेज़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 6 से आठ महीनों के भीतर यहां धरातल पर इसका कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई दें । उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए व्यापक रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा आने वाले समय में यह क्षेत्र एक आधुनिक औद्योगिक शहर के रूप में विकसित होकर उभरेगा।

उन्होंने कहा कि दो हज़ार करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा यह औद्योगिक परिसर देश के फार्मा क्षेत्र को नई मजबूती देगा। यह परियोजना एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स के निर्माण में भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी तथा दवाइयों के कच्चे माल के लिए बाहरी देशों पर निर्भरता कम करेगी। देशभर में केवल तीन बल्क ड्रग पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक हरोली में स्थापित हो रहा है। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

RELATED ARTICLES

Most Popular