जागो ! कूटलैहड़ ब्यूरो रिपोर्ट

बंगाणा,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने पार्टी के भीतर चल रही गतिविधियों को लेकर बड़ा बयान दिया है,उन्होंने कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए कुटलैहड़ में भारतीय जनता पार्टी को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। चार-पांच लोगों को साथ लेकर वे भाजपा कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने में लगे हुए हैं, लेकिन सच्चा कार्यकर्ता कभी भी ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आने वाला। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से बनी एक मजबूत विचारधारा है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने वर्षों तक भाजपा के नाम पर राजनीति की और आज पार्टी के साथ ही भेदभाव कर रहे हैं, उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा को मां समान सम्मान देने वाले आज भी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर जनता को अटूट भरोसा,
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और जनहितकारी नीतियों से खुश है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के हर वर्ग के लिए ऐतिहासिक योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ गांव-गांव तक पहुंचा है। गरीबों के लिए आवास, किसानों के लिए सम्मान निधि, महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने जैसे कार्यों से जनता भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ी हुई है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के चलते भाजपा की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता राष्ट्र हित और विकास की राजनीति को पसंद करती है और आने वाले समय में भाजपा को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्य कर्ता हमेशा संगठन और विचारधारा के लिए काम करता है, जबकि कुछ लोग केवल अपनी राजनीति चमकाने में लगे हुए हैं।
जिसके पास कमल का फूल, हम उसके साथ हर समय रहेंगे खड़े,
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि भाजपा का असली कार्य कर्ता वही है जो पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल के फूल के साथ पूरी निष्ठा से खड़ा रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक मेहनत कर पार्टी को मजबूत किया है और आज भी जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस कार्य कर्ता के पास कमल का फूल है, हम उसके साथ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुशासन और संगठन सर्वोपरि है। पार्टी का हर छोटा-बड़ा कार्यकर्ता सम्मान का अधिकारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम फैलाकर संगठन को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता ऐसे लोगों की राजनीति को समझ चुका है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता कभी भी निजी स्वार्थ के लिए पार्टी के खिलाफ काम नहीं कर सकते, उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और विकास की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है और इसमें कार्यकर्ता का सम्मान सबसे ऊपर रखा जाता है।
कुटलैहड़ की जनता ने 20 वर्ष दिया साथ, अब जनता से धोखा क्यों,
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने भावुक अंदाज में कहा कि कुटलैहड़ की जनता ने कुछ नेताओं को लगातार 20 वर्षों तक सत्ता की कुर्सी पर बैठाया, लेकिन आज वही लोग जनता से दूरी बनाकर केवल अपनी राजनीति बचाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास से बड़ा कोई पद नहीं होता और जो जनता के साथ धोखा करता है, जनता उसे समय आने पर जवाब भी देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और नेता खुद को जनता का सेवक मानते हैं। जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना ही भाजपा की असली पहचान है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनता की आवाज उठाई है और आगे भी उठाते रहेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा को कमजोर करने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में भाजपा पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगी और आने वाले समय में संगठन नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
