जागो ! बंगाणा ब्यूरो रिपोर्ट

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी, इसके पीछे कौन बड़ा मास्टर माइंड, जांच में जुटी पुलिस, बंगाणा, उपमंडल बंगाणा के तहत धुंदला क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के घर से अफीम, चरस, भारी मात्रा में शराब तथा लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धुंदला गांव में रहने वाला एक युवक अपने घर में नशीले पदार्थ एवं अवैध शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव धुंदला में मुनीश कुमार उर्फ मनी पुत्र जुगल किशोर आयु 27 वर्ष के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को घर से 48.52 ग्राम अफीम तथा 17.78 ग्राम चरस बरामद हुई। इस के अलावा पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब भी जब्त की। बरामद शराब में 7 बोतल संतरा देसी शराब, 4 बोतल रॉयल स्टैग एमएफजी हिमाचल प्रदेश, 22 बोतल रॉयल जनरल एमएफजी चंडीगढ़ तथा 12 बोतल एमसी डॉवेल्स एमएफजी चंडीगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने मौके से भारतीय करंसी के कुल 4 लाख 69 हजार 120 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। वहीं अमेरिका की करंसी के दो नोट भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 18 और 20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद नकदी और विदेशी मुद्रा के स्रोत की भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं।
नकदी और विदेशी मुद्रा मिलने से बढ़ी जांच की गंभीरता,
पुलिस सूत्रों के अनुसार घर से इतनी बड़ी नकदी बरामद होना मामले को और गंभीर बना रहा है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, बैंक खातों और संपर्कों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस की टीम ने देर शाम तक घर की गहन तलाशी ली और कई अहम दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था या नहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं नशे या अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
