जागो!कुटलैहड/ब्यूरो रिपोर्ट

चुनावो में नशे की खेप मिलना बड़ा चिंताजनक, नशा माफियों पर कार्यवाही करने के लिए पुलिस को खुली छूट,
बंगाणा,कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने पंचायती राज चुनावों के बीच नशे के बढ़ते मामलों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि केवल बड़े-बड़े पोस्टर और बैनरों पर कट्टर ईमानदार लिख देने से कोई ईमानदार नहीं बन जाता। उन्होंने कहा कि असली ईमानदारी व्यक्ति के कर्मों और समाज के प्रति उसकी सोच से दिखाई देती है।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि चुनावों के दौरान जिस प्रकार पुलिस द्वारा नशे की बड़ी खेपें पकड़ी जा रही हैं, वह बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दिन में जनता के बीच ईमानदारी और समाजसेवा का चोला पहनकर घूमते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में वही लोग युवाओं तक नशा पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान करना और उनसे समाज को बचाना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता की कुर्सी पाने के लिए कुछ लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे लोग समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं क्योंकि वे युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने का कार्य कर रहे हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि जनता को अब जागरूक होकर ऐसे चेहरों को पहचानना होगा जो बाहर से समाजसेवी बनने का दिखावा करते हैं लेकिन अंदर ही अंदर समाज को खोखला करने में लगे हुए हैं।
नशे के कारोबारियों के खिलाफ सरकार की बड़ी कार्रवाई,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखबिंदर सिंह सुक्खू दिन-रात नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और पुलिस तथा प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की सख्ती के कारण लगातार नशा तस्करों की गिरफ्तारी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग बार-बार सांप के फन की तरह सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व समाज और प्रदेश दोनों के लिए खतरा हैं।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं को सुरक्षित और बेहतर भविष्य देना है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए इसके खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे नशे जैसी बुराई से दूर रहें और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें।
कुटलैहड़ में नशे के लिए कोई जगह नहीं,माफियों पर कार्यवाही के सख्त आदेश,
विधायक विवेक शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नशे, चाहे वह चिट्टा हो, अफीम हो या चरस, के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शांति और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता हमेशा सामाजिक मूल्यों और भाईचारे को महत्व देती आई है। लेकिन कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ और राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी,अभिभावकों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को आगे आकर युवाओं को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि समाज एकजुट होकर नशे के खिलाफ खड़ा हो जाए तो इस समस्या को काफी हद तक खत्म किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में खेल गतिविधियों, शिक्षा और सामाजिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया जाएगा ताकि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकें।
कुटलैहड़ की जनता से सतर्क रहने और सही नेतृत्व चुनने की अपील,
विधायक विवेक शर्मा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पंचायती राज चुनावों में ऐसे लोगों से सावधान रहें जो समाज के सामने ईमानदारी का दिखावा करते हैं लेकिन पर्दे के पीछे गलत गतिविधियों में शामिल रहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को अब समझदारी और जागरूकता के साथ मतदान करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का माध्यम नहीं बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर भी है। इसलिए जनता को ऐसे लोगों का समर्थन करना चाहिए जो समाज को मजबूत बनाने का कार्य करें, न कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलें। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन नशे के खिलाफ पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं, लेकिन समाज का सहयोग भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि जनता जागरूक होकर नशे के खिलाफ आवाज उठाएगी तो निश्चित रूप से इस बुराई पर काबू पाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ को नशा मुक्त बनाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जागरूक जनता नशे के खिलाफ इस मुहिम में पूरा सहयोग देगी और युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी।
