दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना , ब्यूरो रिपोर्ट

जिला बाल संरक्षण अधिकारी के निर्देशानुसार चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, ऊना की टीम द्वारा शनिवार को ग्राम नहडरीया की आंगनबाड़ी केंद्र में बाल संरक्षण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
इस अभियान का संचालन केस वर्कर कुलबीर सिंह एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता चंचल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लगभग 10-12 महिलाएं, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

टीम द्वारा उपस्थित लोगों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की 24×7 निःशुल्क आपातकालीन सेवा के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ की सरल भाषा में जानकारी दी गई, ताकि वे असुरक्षित स्पर्श को पहचान कर तुरंत मदद मांग सकें।
इसके अतिरिक्त बाल विवाह, बाल श्रम एवं पोक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी बच्चे के संकट में होने पर 1098 पर कॉल करके मदद ली जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में चाइल्ड हेल्पलाइन के पम्पलेट व स्टिकर वितरित किए गए। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम करवाने का आग्रह किया।
जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा जिले में लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि हर बच्चे तक सुरक्षा पहुंच सके।

