Wednesday, June 17, 2026
HomeSpritualमहान पर्व सोमबत्ती अमावस्या पर कुटलैहड़ के प्रसिद्ध भरमौती मंदिर में उमड़ा...

महान पर्व सोमबत्ती अमावस्या पर कुटलैहड़ के प्रसिद्ध भरमौती मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

दैनिक जागो वर्ल्ड ! बंगाणा,कुटलैहड़,जोगिंदर देव आर्य

विधायक विवेक शर्मा ने पत्नी मृदु शर्मा संग लगाई आस्था की डुबकी , मंदिर में पूजा अर्चना करके महंत जी से लिया आशीर्वाद

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भरमौती मंदिर में सोमबत्ती अमावस्या के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। पंजाब और हिमाचल की सीमा पर सतलुज नदी के किनारे स्थित उत्तर भारत के प्रसिद्ध ब्रह्मा जी के इस ऐतिहासिक मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा अपनी पत्नी श्रीमती मृदु शर्मा के साथ भरमौती मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पवित्र स्नान कर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर के महंत से आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि भरमौती मंदिर केवल कुटलैहड़ ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि सतलुज नदी के तट पर स्थित मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्ता के कारण देशभर में पहचान बनाने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से भरमौती मंदिर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इस मौके पर कमेटी अध्यक्ष विवेक मिंका सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

कुटलैहड़ के प्रसिद्ध भरमौती मंदिर को देश के मानचित्र पर लाने की तैयारी,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना है कि भरमौती मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाए।उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि सबसे पहले उन्होंने भरमौती मंदिर तक बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने का कार्य किया, जिससे अब श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में काफी सुविधा मिल रही है। पहले जहां लोगों को कठिन रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था, वहीं अब सड़क सुविधा बेहतर होने से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के ठहरने, पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए विशेषज्ञों की मदद से मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।

भरमौती मंदिर में पर्यटकों के लिए बनेंगे विशेष पीजी और आधुनिक सुविधाएं,
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष पीजी और ठहरने की आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, लेकिन ठहरने की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान के तहत ऐसे आवासीय प्रबंध किए जाएंगे, जहां श्रद्धालु आरामदायक तरीके से रुक सकें। इसके साथ ही मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को भी और मजबूत किया जाएगा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। होटल, पीजी, दुकानें, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन जैसी गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भरमौती मंदिर क्षेत्र को इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि यहां आने वाले श्रद्धालु धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद उठा सकें।

सतलुज नदी के किनारे बना भरमौती मंदिर प्राकृतिक सुंदरता के साथ हुआ प्रसिद्ध,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ का ऐतिहासिक भरमौती मंदिर का शांत वातावरण और सतलुज नदी के किनारे स्थित प्राकृतिक दृश्य श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। विवेक शर्मा ने कहा कि बैसाखी, एकादशी, सोमबत्ती अमावस्या के अवसर पर यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर सुख-समृद्धि की कामना की।मंदिर परिसर में धार्मिक भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि भरमौती मंदिर में आकर उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा द्वारा मंदिर क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

विवेक शर्मा ने परिवार संग की पूजा अर्चना,लिया आशीर्वाद,
भरमौती मंदिर के महंत ने विधायक विवेक शर्मा और उनकी पत्नी मृदु शर्मा को पूजा-अर्चना करवाई तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद दिया। महंत ने कहा कि यदि मंदिर क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से विकास होता है तो आने वाले वर्षों में भरमौती मंदिर उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि भरमौती मंदिर की मान्यता और प्रसिद्धि दूर दूर तक यानि बाहरी राज्यों में अधिक है। और अगर मास्टर प्लान के तहत भरमौती मंदिर विकसित होता है। तो देश के मानचित्र के भरमौती मंदिर की झलक भी दिखेगी।
भरमौती मंदिर की धार्मिक पर्यटन से बदलेगी कुटलैहड़ क्षेत्र की तस्वीर,

  भरमौती मंदिर की धार्मिक पर्यटन से बदलेगी कुटलैहड़ क्षेत्र की तस्वीर,

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के विकास का सबसे बड़ा माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि भरमौती मंदिर के विकास से न केवल धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है। भरमौती मंदिर के विकास के लिए भी चरणबद्ध योजनाएं तैयार की जा रही हैं, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि भरमौती मंदिर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को भी सुरक्षित रखा जाए।

आने वाले समय में यहां और अधिक श्रद्धालु पहुंचें, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। सोमबत्ती अमावस्या के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति भावना से सराबोर रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular