Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुटलैहड़ में वर्षों पुरानी कम वोल्टेज समस्या का हो रहा स्थायी समाधान

कुटलैहड़ में वर्षों पुरानी कम वोल्टेज समस्या का हो रहा स्थायी समाधान

दो दर्जन बदले जा चुके ट्रांसफार्मर

बंगाणा, कुटलैहड़/जोगीन्द्र देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा के निरंतर और प्रभावी प्रयासों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी कम वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। पंचायत चंगर के गांव मकरैड सहित कई गांवों में 25 केवीए की जगह 63 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा है। ग्राम पंचायत चंगर के मकरैड गांव में कम वोल्टेज की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई थी। ग्रामीणों द्वारा इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग उठाई गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पा रहा था। विधायक विवेक शर्मा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के साथ समन्वय कर शुक्रवार को गांव में 25 केवीए के पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर 63 केवीए का नया और अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर स्थापित करवाया।

नए ट्रांसफार्मर के लगते ही गांव में बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले कम वोल्टेज के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ कृषि कार्यों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। गर्मियों के मौसम में पंखे, कूलर, फ्रिज और पानी की मोटर जैसी आवश्यक सुविधाएं ठीक से काम नहीं कर पाती थीं, जिससे जन जीवन प्रभावित रहता था। अब अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने से न केवल वर्तमान समस्याओं से राहत मिलेगी, बल्कि भविष्य में बढ़ती बिजली जरूरतों को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।

इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य गांव, गरीब और आम आदमी की समस्याओं का घर-द्वार समाधान करना है। उन्होंने कहा कि मेरा कुटलैहड़ मेरा परिवार है और इसी भावना के साथ मैं क्षेत्र की जनता की सेवा कर रहा हूं। जनता की छोटी से छोटी समस्या भी मेरे लिए महत्वपूर्ण है और उसे प्राथमिकता के आधार पर हल करना मेरा दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य है। विधायक विवेक शर्मा के प्रयास केवल पंचायत चंगर तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत परोईयां कला के गांव खरवेहड़ी में भी आपदा के कारण क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और कम वोल्टेज की पुरानी समस्या का समाधान करवाया। शुक्रवार को यहां भी 25 केवीए की जगह 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिससे ग्रामीणों को वर्षों से चली आ रही बिजली समस्या से निजात मिली। ग्रामीणों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के बाद गांव का ट्रांसफार्मर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही थी। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। विधायक विवेक शर्मा के हस्तक्षेप के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिक क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया, जिससे अब गांव में स्थिर और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है। इस मौके पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया है और समाधान के लिए स्वयं गांव-गांव जाकर स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि कुटलैहड़ की जनता को अपनी समस्याओं के लिए कहीं भटकना न पड़े और उन्हें घर-द्वार पर ही राहत मिले। विधायक विवेक शर्मा ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंहसुक्खू के सहयोग से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित करीब 600 परिवारों को पक्के घर बनाने के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता उन परिवारों के लिए संबल बनी है, जिन्होंने आपदा के दौरान अपने आशियाने खो दिए थे।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित और जरूरतमंद परिवारों को सम्मान जनक जीवन प्रदान करना भी उतना ही जरूरी है। विधायक विवेक शर्मा ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना और आपदा प्रभावितों को मिली सहायता से ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनका स्थायी समाधान किया गया। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी इसी तरह विकास कार्यों की गति बनी रहेगी और कुटलैहड़ क्षेत्र निरंतर प्रगति की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular