Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaराजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में सड़क सुरक्षा पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता...

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में सड़क सुरक्षा पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

लठियानी/विनोद शर्मा

उप मंडल बंगाणा के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में स्कूल प्रधानाचार्य संजीव पराशर के कुशल दिशानिर्देशानुसार “सड़क सुरक्षा क्लब” के अंतर्गत सड़क सुरक्षा विषय पर एक प्रेरणादायक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिता को रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए कुल छः टीमों का गठन किया गया, जिनमें विद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने अपनी ज्ञानात्मक क्षमता, त्वरित निर्णय शक्ति एवं आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कला संकाय से कृतिका एवं श्वेता, वाणिज्य संकाय से हर्षित एवं गगन तथा विज्ञान संकाय से मीनाक्षी एवं कनिका ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वाणिज्य संकाय के हर्षित और गगन ने शानदार अपनी प्रतिभा का बहुत ही बढ़िया प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए उन्हें विशेष रूप से सराहा गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनता, इसलिए बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का दोपहिया या चौपहिया वाहन चलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर भारी जुर्माना एवं कठोर दंड का प्रावधान है।
प्रधानाचार्य ने नाबालिग विद्यार्थियों को जागृत करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाना बिल्कुल भी नहीं चाहिए। यदि कोई बच्चा/विद्यार्थी नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो पुलिस विभाग द्वारा वाहन जब्त कर लिया जाता है तथा उसके माता-पिता पर भी कानूनी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमों का पालन करने एवं अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य बलविंदर शर्मा, कांता देवी, राधिका धीमान, संयोगिता शर्मा एवं संदेश कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के समापन पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यातायात के प्रति सदैव जागरूक रहने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना को भी सुदृढ़ करने में सफल रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular