Tuesday, March 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaशिव मंदिर कमेटी न्यू साहूमाजरा द्वारा किया गया भव्य शोभा यात्रा आयोजन

शिव मंदिर कमेटी न्यू साहूमाजरा द्वारा किया गया भव्य शोभा यात्रा आयोजन

श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ

रोपड़ / लठियानी ,विनोद शर्मा

न्यू साहूमाजरा, घनौली (जिला रोपड़) में शिव मंदिर कमेटी न्यू साहूमाजरा की ओर से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं दिव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभा यात्रा में शुभम, रमन, मुकेश सहित गांव के सभी श्रद्धालु वासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शोभा यात्रा में भक्तों का उत्साह, भक्ति-भाव और धार्मिक उमंग देखते ही बनती थी। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयघोषों के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में सुप्रसिद्ध कथा वाचक व्यास पं. सुरेश मौदगिल (डोहक वाले) ने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है, जो मनुष्य को भक्ति, प्रेम, त्याग और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करती है।
कथा वाचक सुरेश मौदगिल ने श्रोताओं को बताया कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है, पापों का नाश होता है और आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन करते हुए जीवन में धर्म और कर्म के महत्व को अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली शब्दों में समझाया।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में भागवत के उपदेशों को आत्मसात करें और समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सद्भाव का संदेश फैलाएं।
इस पावन अवसर पर इलाके के सभी गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी, काफ़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कथा वाचक की बहुत ही प्रशंसा की और आयोजन को अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular