मंदिर दो लाख की चार दीवारी का भी किया उद्घाटन,मंदिर में शैड निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा,

बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रायंसरी स्थित प्राचीन श्री बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर बाग वाला में आयोजित मूर्ति प्रतिष्ठा एवं धार्मिक समारोह श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में राष्ट्रीय संत बाबा बालकी महाराज मुख्यतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, संस्कृति और मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 14.21 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचवटी पार्क का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। मंदिर परिसर धार्मिक जयघोषों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय बना रहा। मूर्ति प्रतिष्ठा के उपरांत राष्ट्रीय संत बाबा बालकी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और समाज में आध्यात्मिक मूल्यों का प्रसार समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, सेवा और सदाचार का पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने पंचवटी पार्क का शुभारम्भ करते हुए कहा कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पार्क श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। यहां बुजुर्ग सुबह-शाम सैर कर सकेंगे, युवा व्यायाम कर सकेंगे तथा परिवारों को बैठने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में पहले डंगे के निर्माण के बाद उस पर फर्श बिछाने के लिए लगभग 3 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे परिसर अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था से नहीं बल्कि पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है। विधायक विवेक शर्मा ने समारोह के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शैड निर्माण हेतु 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस शैड के बनने से धार्मिक आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत मिलेगी। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। संबोधन में विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मंदिरों के सौंदर्यीकरण, रख-रखाव और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत सुरक्षित रह सके तथा श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अनेक विकास परियोजनाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा और हर गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। जब धार्मिक स्थलों का विकास होता है तो लोगों की आस्था मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने लोगों से मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने और पौधरोपण जैसे पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आग्रह किया।
इससे पूर्व मंदिर के पुजारी महंत महेंद्र सिंह मनकोटिया ने राष्ट्रीय संत बाबा बालकी महाराज एवं विधायक विवेक शर्मा सहित सभी अतिथियों का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। उन्होंने मंदिर में संचालित धार्मिक गतिविधियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी भी दी और मंदिर के विकास में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विवेक मिंका, जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा, एडवोकेट विजय शर्मा, विनिश कुमार, पूर्व महासचिव अशोक कुमार, पूर्व महिला कांग्रेस प्रधान उर्मिला, खंड विकास अधिकारी राहुल धीमान, जूनियर इंजीनियर प्रशांत कुमार, सचिव मनोज तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह का समापन धार्मिक अनुष्ठानों, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

