तलमेहडा खड़ोह रिंकू भारद्वाज

चिंतपूर्णी लोअर मंडल के अंतर्गत बूथ नंबर 99, अम्बेहड़ा धीरज में आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा बजट श्रवण एवं संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत हालिया बजट की प्रमुख विशेषताओं को कार्यकर्ताओं और आम जनता तक सरल भाषा में पहुंचाना तथा बजट से जुड़ी योजनाओं एवं लाभों पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविंद्र द्विवेदी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और सामाजिक न्याय इस बजट की मूल आत्मा है, जो देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से लोअर चिंतपूर्णी मंडलाध्यक्ष विनय शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष योगराज जोगी, उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी, जिला कार्यालय सचिव कमलनयन, ग्राम केंद्र प्रमुख एवं महिला मोर्चा महामंत्री तथा पूर्व बीडीसी सदस्य सुषमा कुमारी, ग्राम केंद्र प्रमुख डिंपल कुमारी, बूथ अध्यक्ष राधेश्याम, पूर्व बीडीसी जगदीश चंद, मंडल महामंत्री बरलाज, किसान मोर्चा अध्यक्ष गुरदीप सिंह, उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता जनक राज शर्मा, संजीव कुमार सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह बजट किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और मध्यम वर्ग के समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। किसानों के लिए कृषि अवसंरचना, सिंचाई सुविधाओं एवं आय बढ़ाने से जुड़े प्रावधानों, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं, महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं तथा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण निवेश की जानकारी दी गई।
संवाद सत्र के दौरान उपस्थित नागरिकों ने बजट से जुड़े अपने सुझाव, जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे, जिनका भाजपा पदाधिकारियों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष योगराज जोगी ने कहा कि यह बजट क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देगा और आम जनमानस को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच संवाद मजबूत होता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष रविंद्र द्विवेदी ने कहा कि यह बजट न केवल आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि देश को आत्मनिर्भर, मजबूत और समावेशी राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बजट की योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में चिंतपूर्णी लोअर मंडल नेतृत्व द्वारा सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि इस प्रकार के बजट श्रवण एवं संवादात्मक कार्यक्रम लोकतांत्रिक सहभागिता को सशक्त करते हैं और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

