वीरेंद्र /बन्याल जोल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत जोल के उप गांव भलोैंण से संबंध रखने वाली पहाड़ी गायिका अर्चना ठाकुर का पहला पहाड़ी गाना रिलीज हुआ। हिमाचली लोक संस्कृति और पहाड़ी संगीत को नई पहचान देने की दिशा में एक और सराहनीय प्रयास सामने आया है।भलौण (जोल) निवासी सिंगर अर्चना ठाकुर का पहला पहाड़ी गीत हाल ही में रिलीज़ हुआ है, जिसे संगीत प्रेमियों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
अर्चना ठाकुर को बचपन से ही गायन का शौक रहा है। उन्होंने अपनी गायन यात्रा की शुरुआत जागरण मंच से की और कई वर्षों से वह अपने जीवनसाथी सिंगर लवली ठाकुर के साथ मिलकर जागरण एवं धार्मिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती आ रही हैं। इससे पहले अर्चना ठाकुर का बाबा बालक नाथ जी पर आधारित भजन भी रिलीज़ हो चुका है, जिसे श्रद्धालुओं का भरपूर स्नेह मिला।
संगीतकार अर्चना ठाकुर मूल रूप से बिलासपुर जिला से हैं, जबकि उनका विवाह जिला ऊना की उप-तहसील जोल के भलौण से संबंध रखने वाले प्रसिद्ध गायक लवली ठाकुर से हुआ है। दोनों कलाकार मिलकर हिमाचली लोक संगीत, भजन और जागरण के माध्यम से संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
लवली ठाकुर हिमाचल में एक जाना-पहचाना नाम हैं और वे जागरण एवं झांकियों में अपनी प्रभावशाली गायकी के लिए प्रसिद्ध हैं।
पहाड़ी गीत के माध्यम से अर्चना ठाकुर ने न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है, बल्कि प्रदेश की लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास भी किया है। संगीत प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में दोनों कलाकार और भी नए गीतों के साथ श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।

