दैनिक जागो वर्ल्ड उत्तराखंड

उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जिसमें देहरादून, हरिद्वार और अन्य जिलों में अगले तीन घंटों में तेज बारिश की चेतावनी है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, सड़कें बंद हैं और गंगा नदी का जलस्तर भी निगरानी में है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूरे चरम पर है। गुरुवार को अगले तीन घंटों में देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में कुछ जगहों पर तेज़ हवाओं और गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी या बहुत तेज़ बारिश होने की संभावना है।वहीं मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में अगले सात दिन बारिश से राहत न मिलने के आसार हैं।वहीं राजधानी देहरादून और ऋषिकेश में वर्षा लगातार जारी है। इसका असर जन जीवन पर पड़ रहा है। गंगा अभी चेतावनी निशान के नीचे बह रही है। चेतावनी निशान 339.50 मीटर पर है।वर्तमान में गंगा 339.12 मीटर पर बह रही है। प्रशासन गंगा तटीय क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। एसडीएम कुमकुम जोशी ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कांवड़ यात्रियों को भी सुरक्षित घाटों पर स्नान के लिए कहा जा रहा है।

मूसलधार वर्षा से जौनसार व पछवादून के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गयी हैं। जिस कारण बंद 12 मार्गों में से चार से मलबा हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है, लेकिन आठ मोटर मार्ग बंद होने से करीब 40 गांवों के ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो गयी है।गुरुवार को छुटटी होने के कारण स्कूली बच्चे राहत में हैं, लेकिन किसान अपनी नगदी फसलें मंडी नहीं पहुंचा पा रहे हैं। बाजारों में भी रौनक घट गयी है।स्टेट हाईवे कालसी चकराता पर किमी दस जजरेड पहाड़ी के पास भूस्खलन से अवरूद्ध हो गया है। इसके अलावा पीएमजीएसवाई कालसी का धोइरा देऊ मोटर मार्ग किमी दो से आठ के बीच में जगह जगह मलबा आने से बंद है।बाड़वाला जुडडो मटोगी मोटर मार्ग पर किलोमीटर दो से नौ के बीच चार स्थानों पर भारी मात्रा में मलबा आने से रास्ता अवरूद्ध है। लोनिवि निर्माण खंड देहरादून का लांघा मटोगी मदरसू मोटर मार्ग किमी छह पर बंद हो गया है।इसके अलावा चकराता लोनिवि का जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग से कटा मुंदोल मोटर मार्ग किमी नौ व 14 पर मलबा आने से बंद है, इसके अलावा रायगी कुल्हा मोटर मार्ग किमी 96 पर बंद है।लोनिवि साहिया का मलेथा मोटर मार्ग किमी पांच पर, साहिया क्वानू मोटर मार्ग किमी 21 पर, शंभू की चौकी पंजिया मोटर मार्ग किमी पांच पर बंद है।
