दैनिक जागो वर्ल्ड हिमाचल

जोगेंद्रनगर में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बस से उतरकर सड़क पार कर रहे एक छात्र को थार गाड़ी ने टक्कर मार दी।

हिमाचल प्रदेश में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जोगेंद्रनगर उपमंडल के बीड़ रोड बाजार में यह हादसा हुआ। एक थार गाड़ी की टक्कर से सड़क पार कर रहा युवक कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरा। घायल युवक की पहचान 18 वर्षीय प्रवीण कुमार, पुत्र कुलविंद्र, निवासी बीड़ के रूप में हुई है, जो जोगेंद्रनगर महाविद्यालय का छात्र है।बताया जा रहा है कि बीड़ बस स्टैंड पर बस से उतरकर युवक दूसरी ओर जा रहा था, लेकिन जैसे वह सड़क पार करने लगा तो बस के पीछे की ओर से आ रही थार से उसे टक्कर मार दी।

थार की टक्कर से उछलकर युवक काफी दूर जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसी गाड़ी में बिठाकर बैजनाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसे उपचार दिया गया। डॉक्टरों ने युवक के चेकअप और प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी देकर घर भेज दिया। गनीमत रही कि इतना भयानक हादसा होने के बावजूद युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। लोग इसे करिश्मा ही मान रहे हैं।प्रशासन ने घटना के मद्देनजर आमजन से सड़क पर चलते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। इस संबंध में मामला दर्ज नहीं हुआ है।
