ऊना ब्यूरो रिपोर्ट, शिवानी ठाकुर

दौलतपुर चौक 2 फरवरी संजीव डोगरा
अमलैहड़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ शबद कीर्तन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु रविदास जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और संगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंदिर में माथा टेककर गुरु रविदास जी का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान देवराज ने चैतन्य शर्मा को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
संगत को संबोधित करते हुए चैतन्य शर्मा ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएँ हमें सच्चाई, परिश्रम और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और आपसी प्रेम को मजबूत करते हैं।
शबद कीर्तन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। रागी जत्थों द्वारा गुरु वाणी का गायन किया गया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भंडारे में सेवा भाव से युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

