दैनिक जागो वर्ल्ड कुटलैहड़

विवेक शर्मा बोले—हर व्यक्ति लगाए पौधा और उसके संरक्षण की भी निभाए जिम्मेदारी
बंगाणा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्ह खालसा में वन महोत्सव का शुभारंभ विधायक विवेक शर्मा ने पौधारोपण करके किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और पालन-पोषण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पौधे लगाना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी जिम्मेदारी है। यदि आज हम पर्यावरण और जंगलों की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, पानी और बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है। योजना के तहत प्रत्येक स्वयं सहायता समूह को पौधे लगाने तथा उनके पालन-पोषण के लिए सालाना एक लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों की पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी बढ़ेगी तथा पौधारोपण को अभियान के रूप में आगे ले जाने में मदद मिलेगी,उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आइए मिलकर पौधारोपण करें, पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ क्लीन एंड ग्रीन हिमाचल के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब समाज भी इनके साथ जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभाए।
हर वर्ष सरकारी जंगलों में लगने वाली आग चिंता एक का विषय,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ष जंगलों में आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। आग की वजह से वन संपदा, छोटे पौधे, वन्यजीवों का आवास और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि जंगलों को आग से बचाने के लिए विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी जागरूक होना होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में यदि कहीं जंगल में आग लगती है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके, उन्होंने सरकारी भूमि पर होने वाले अवैध कटान पर भी चिंता जताई। उन्होंने वन विभाग से जंगलों में गश्त बढ़ाने और अवैध कटान पर सख्ती से रोक लगाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि जंगल केवल लकड़ी का स्रोत नहीं हैं, बल्कि ये पर्यावरण संतुलन, जल स्रोतों और वन्यजीवों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मलकीयत भूमि में खैर कटान के दौरान जड़ कटान रोकने की जरूरत,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मलकीयत भूमि से खैर के पेड़ों की कटाई के दौरान कई बार जड़ों को भी नुकसान पहुंचता है, जिससे प्राकृतिक रूप से नए पौधों के तैयार होने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि खैर सहित अन्य वन प्रजातियों के संरक्षण के लिए इस पहलू पर भी गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया कि जंगलों के साथ-साथ सड़कों के किनारे भी अधिक संख्या में फलदार पौधे लगाए जाएं। उनका कहना था कि इससे पर्यावरण हराभरा होने के साथ वन्यजीवों को भी प्राकृतिक भोजन उपलब्ध होगा। यदि सड़क किनारे और जंगलों के आसपास फलदार पौधे लगाए जाएं तो जंगली जानवरों को फसलों की ओर जाने के बजाय पेड़ों से प्राकृतिक चारा और फल उपलब्ध हो सकते हैं। इससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
कुटलैहड़ में पंचायती राज संस्थाओं के साथ मिलकर चले पौधारोपण अभियान,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग को पंचायती राज संस्थाओं के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, युवक मंडलों और स्थानीय लोगों को इस अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि उनके संरक्षण और पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी तय करनी होगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर कमेटियां गठित की जा सकती हैं, जो पौधों की देखभाल, पानी की व्यवस्था और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। इससे लगाए गए पौधों के जीवित रहने की दर भी बढ़ेगी।
वन विभाग अवैध कटान रोकने के लिए बने संयुक्त कमेटियां,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त कमेटियां बनाई जानी चाहिए। इन कमेटियों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करके नियमित गश्त बढ़ाई जा सकती है और अवैध कटान पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जंगलों की रक्षा केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर पंचायत को अपने क्षेत्र में पौधारोपण के साथ जंगलों की सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनकी देखभाल करें और अवैध कटान या जंगलों में आग जैसी घटनाओं की जानकारी तुरंत विभाग को दें। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में कुटलैहड़ क्षेत्र को हराभरा बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। सरकार, विभाग, पंचायतें और आम जनता एकजुट होकर काम करें तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति, एक पौधा और उसकी जिम्मेदारी के संकल्प को जन अभियान बनाकर ही क्लीन एंड ग्रीन हिमाचल के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है।
यह रहे मौजूद,
इस मौके पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार शर्मा खंड बिकास अधिकारी के एल वर्मा एक्सियन जल शक्ति हरभजन सिंह एक्सियन लोकनिवि दूनी चंद ठाकुर एसडीओ सुरेश शर्मा रेंज ऑफिसर रामगढ़ धार संदीप कुमार रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद पार्टी महासचिव इकबाल सोनी प्रधान रमेश बंगा पूर्व अध्यक्ष राम आसरा शर्मा के अलावा पंचायत प्रधान उपप्रधान एवं गणमान्य मौजूद रहे।
