Sunday, September 6, 2026
HomeNation WiseUttar Pradeshमेरठ में घर के बाहर 6 फीट गहरे नाले में गिरकर डेढ़...

मेरठ में घर के बाहर 6 फीट गहरे नाले में गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत

दैनिक जागो वर्ल्ड !मेरठ

जानी खुर्द थाना क्षेत्र के सिवालखास कस्बे में शुक्रवार को नगर पंचायत की लापरवाही के चलते एक डेढ़ वर्षीय मासूम की नाले में गिरने से मौत हो गई। बच्चा घर के बाहर खेलते समय अचानक करीब छह फुट गहरे नाले में जा गिरा। काफी देर तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर स्वजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।करीब एक घंटे बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बच्चे के नाले में गिरने की जानकारी हुई। इसके बाद नाले में तलाश शुरू की गई, जहां से बच्चे का शव बरामद हुआ। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना को लेकर कस्बावासियों में नगर पंचायत के प्रति आक्रोश है।सिवालखास कस्बे में शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे गुलबहार का डेढ़ वर्षीय पुत्र मोहम्मद जेन घर के बाहर खेल रहा था। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्चा घर के सामने स्थित नाले की ओर चला गया और देखते ही देखते करीब छह फुट गहरे नाले में गिर गया। जिसकी स्वजन को जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर तक बच्चे की आवाज सुनाई नहीं देने पर स्वजन को चिंता हुई।उन्होंने घर के बाहर जाकर देखा तो जेनू वहां नहीं था। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों के साथ बच्चे की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने आसपास के संभावित स्थानों पर बच्चे को तलाशा। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। करीब एक घंटे तक तलाश के बाद स्वजन और ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगालनी शुरू की।फुटेज देखने पर सामने आया कि मोहम्मद जेन घर के बाहर खेलते हुए नाले की तरफ गया था और उसमें गिर गया। फुटेज से नाले में गिरने की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने नाले में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद मोहम्मद जेन का शव नाले से बरामद कर लिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद कस्बे में मातम छा गया।ग्रामीणों का आरोप है कि नाला काफी गहरा है और इसके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने नगर पंचायत से नाले को ढकवाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular